- संबंधित पंचायत के सरपंच और ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन दिया कलेक्टर को।
- नियमित वरिष्ठ कर्मचारी होते हुए व्यवस्था के तहत कार्य कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रभारी बनाया।
- कंप्यूटर ऑपरेटर के पास किसी प्रकार का समिति में कार्य करने का आदेश भी नहीं।
बैकुण्ठपुर 04 नवम्बर 2023 (घटती-घटना)। विधानसभा चुनाव 2023 के ठीक कुछ दिन पूर्व प्रदेश में नवीन धान उपार्जन समितियों का उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में कोरिया जिले के बैकुंठपुर ब्लॉक के तरगांवा से अलग हटकर ग्राम पंचायत छिंदिया, चिरगुड़ा, शिवपुर पसला और रामपुर को मिलाकर छिंदिया में धान उपार्जन समिति प्रारंभ करने का आदेश हुआ। जिसके लिए पंचायत द्वारा सर्व सुलभ जगह उपलब्ध कराए जाने के बाद तरगंवा समिति में कार्यरत सहायक प्रबंधक संजय मंडल और व्यवस्था के तहत कार्यरत नीरज कुशवाहा के देखरेख और निगरानी में खरीदी केंद्र प्रारंभ करने के लिए संपूर्ण तैयारी की गई। नियमानुसार तरगांव समिति में सहायक प्रबंधक संजय मंडल को नवीन धन उपार्जन केंद्र में खरीदी प्रभारी का दायित्व मिलना था। परंतु नियम विरुद्ध तरीके से समिति में बगैर आदेश के कार्य कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर रामनेवाज कुशवाहा का नाम सहायक पंजीकृत कार्यालय बैकुंठपुर से आदेशित कर दिया गया।
नियुक्त किये गये धान खरीदी प्रभारी की सैकड़ो शिकायतें, किसानों से नहीं है मधुर संबंध
नवीन धान उपार्जन केंद्र में नियुक्त किए गए अस्थाई कंप्यूटर ऑपरेटर रामनेवाज कुशवाहा की सैकड़ो शिकायतें हैं। किसानों के साथ उनके संबंध मधुर नहीं है, और विगत वर्षों में धान खरीदी के समय एवं खाद बीज विक्रय, नगद कर्ज के समय किसानों से अवैध वसूली की शिकायतें आम होती रही हैं। इसके अतिरिक्त जिन किसानों के रकबे में पूरा धान नहीं जा पाता, उनसे सौदेबाजी कर और उन्हें डरा धमका कर उनके रकबे में अनैतिक तरीके से धान बेचने की कार्यवाही भी इस कंप्यूटर ऑपरेटर के द्वारा की जाती रही है। यही कारण है कि इस कंप्यूटर ऑपरेटर को किसान खरीदी प्रभारी के रूप में पसंद नहीं कर रहे हैं। जिस कारण किसानों ने लामबंद होकर हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन कोरिया कलेक्टर को सौंपा है।
वरिष्ठ कर्मचारियों को दरकिनार कर अस्थाई कर्मचारी को दायित्व सपना कहां तक सही
किसानों की धान खरीदी शासन की एक महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना है। इसके क्रियान्वयन के लिए सरकारें हर संभव प्रयास करते रहे हैं। धान खरीदी को संभव करने के लिए शासन ने जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों की नियुक्ति भी की है। परंतु कोरिया जिले के बैकुंठपुर ब्लॉक में खुले नई धान खरीदी केंद्र में स्थाई और अनुभवी कर्मचारी उपलब्ध होने के बावजूद अस्थाई कर्मचारी जिसके पास कार्य करने का आदेश तक नहीं है, को खरीदी प्रभारी बनाना पूरी तरह अविवेकपूर्ण और अन्यायसंगत है। बावजूद इसके उक्त व्यक्ति की छवि भी किसानों के समक्ष सही नहीं है। ना हीं उसका व्यवहार किसानों के साथ अच्छा है। जिसके विरुद्ध किसानों से अवैध वसूली के आरोप लगते रहें हो, उसे खरीदी प्रभारी बनाना अन्यायपूर्ण कृत्य है।
ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधियों का विरोध, यदि आदेश नहीं बदल गया तो होगा प्रदर्शन
नवीन धान उपार्जन केंद्र छिंदिया में नियुक्त किए गए धान खरीदी प्रभारी का उत्पादन केंद्र के अंतर्गत आने वाले चारों ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने एवं वहां के जनप्रतिनिधियों ने खुला विरोध किया है। एवं तत्संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन कोरिया कलेक्टर को सौंपा। ग्रामीणों का एवं प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि तत्काल खरीदी प्रभारी को हटाकर वरिष्ठ और अनुभवी कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की जाती है तो किसानों द्वारा, जनप्रतिनिधियों द्वारा खुलकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, इसके जिम्मेदार विभाग के अधिकारी होंगे।