20-21 जनवरी को अंबिकापुर में होगी भाजपा की कार्यसमिति की बैठक
अम्बिकापुर 17 जनवरी  2023  (घटती-घटना)। अंबिकापुर भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि 20-21 जनवरी को अंबिकापुर में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसके पहले वर्ष 2016 में जब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार थी तब प्रदेश कार्यसमिति हुई थी, जिसे भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सफल बनाया था। चुनावी वर्ष 2023 में पुन: प्रदेश नेतृत्व में सरगुजा को प्रदेश कार्यसमिति की जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के भाजपा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस बड़ी जिम्मेदारी को भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं ने ईमानदारी से स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि 21 जनवरी को जनजातीय महा सम्मेलन का भी आयोजन होगा, जिसमें 50 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी का लक्ष्य रखा गया है। यह सम्मेलन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके साथ ही प्रदेश में होने वाले 2023 के चुनाव का आगाज होगा और चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी। रेणुका सिंह ने कहा चुनावी वर्ष 2023 में हो रही प्रदेश कार्यसमिति काफी महत्वपूर्ण होगी। 20-21 जनवरी को भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में रोड मैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने शंखनाद किया कि छत्तीसगढ़ से जीत की शुरूआत होगी, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि 12 जनजातियां लिपिकीय त्रुटि के कारण संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो रही थी, इस पर केंद्र सरकार का ध्यान गया और बिंझिया, पंडो सहित अन्य जनजातियों को उनके संवैधानिक अधिकारों को हासिल करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए पहल की गई और उन्हें जनजातियों की सूची में शामिल किया गया। पत्रकारों के सवाल पर केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली तक ट्रेन का संचालन आसान होता तो यह पहले हो जाना चाहिए था। मैं अपने कार्यकाल में बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा कराया है। जल्द ही स्लीपर कोच और जनरल कोच का संचालन होगा और सप्ताह में टे्रन का संचालन दो से तीन दिन हो, इस पर भी पहल की जाएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों में भ्रमण के दौरान उन्हें बताया गया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पंचायतों के विकास के लिए 70 लाख रुपये देने कहा था लेकिन अभी तक एक लाख रुपये भी नहीं मिला है। हमने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम विकास योजना के तहत 36,428 ग्राम पंचायतों को चयनित कर 20 लाख 39 हजार रुपये दिया। इस राशि से कनेक्टिविटी से संबंधित 14 प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे। यह राशि सीधे पंचायत के खातों में डाली गई है। भारत सरकार को उक्त राशि से किए गए कार्य का उपयोगिता प्रमाण पत्र देना होगा। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अनिल सिंह मेजर, अनुराग सिंह देव, अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, अभिमन्यु गुप्ता, विश्वविजय सिंह तोमर सहित अन्य उपस्थित थे।
 
		 घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur
				 
			 
					
				