अम्बिकापुर @अधिकारी-कर्मचारी अनिश्तिकालीन हड़ताल पर दफ्तरों में सन्नाटा

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर ,22 अगस्त 2022(घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर चौथे चरण के सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल में 88 संगठनों के समर्थन के साथ प्रदेश भर के लगभग 4.1/2 लाख अधिकारी कर्मचारी के साथ सरगुजा संभागीय मुख्यालय में सभी कार्यालय कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, वन विभाग, पंजीयन कार्यालय, तहसील, एसडीएम कार्यालय सहित जिला न्यायालय के कर्मचारियों द्वारा काम बंद-कलम बंद हड़ताल पर रहे। साथ ही नगर निगम सहित सभी कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा के तहसीलदार -नायब तहसीलदार हड़ताल पर रहे।
प्रदेश के इतिहास मे प्रथम बार प्रदेश के न्यायिक वर्ग के कर्मचारी अपने गृह भाड़ा भत्ता एवं महंगाई भत्ता की मांग को लेकर आन्दोलनरत हैं। अनिश्चितकालीन धरना-स्थल पर लोगों ने अपने विचार व्यक्त कर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। अधिकारी-कर्मचारी संगठनों सक्रिय सहयोग से फेडरेशन के बैनर तले यह अनिश्चितकालीन आन्दोलन 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं गृहभाड़ा 7वें वेतनमान के समान की मांग को लेकर अनवरत जारी है। सोमवार को आंदोलन के पहले दिन राष्ट्रध्वज फहरा कर राष्ट्रगान के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरूआत अधिकारी-कर्मचारियों ने की। धरना में प्रमुख रूप से संभागीय अध्यक्ष कोशलेन्द्र पाण्डेय, संभागीय प्रवक्ता एमएल स्वर्णकार, जिला संयोजक कमलेश सोनी, छत्तीसगढ़ लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ अध्यक्ष दुगेश सिन्हा, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ अनिल तिवारी, छग प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा सरगुजा जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव, राजस्व निरीक्षक संघ संजय सिंह, कलेक्ट्रेट लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ डॉ. प्रमोद सिंह, पटवारी संघ योगेश चौबे, राजपत्रित अधिकारी संघ डॉ. सीके मिश्रा, वन कर्मचारी संघ अजित सिंह, नगर निगम कर्मचारी संघ अब्दुल हमीद, पॉलिटेक्निक व्याख्याता संघ राजेन्द्र तिवारी, डिप्लोमा अभियंता संघ से एलएल मालवीय, आलोक सिंह, प्रमोद शर्मा, राकेश मिश्रा, रामेन्द्र मिश्रा, शीतल बहादुर सहित न्यायिक कर्मचारी संघ से अध्यक्ष राकेश सोनी, नीरज सोनी सहित बसन्त जायसवाल, रीता आइच, ज्योति भगत, वन्दना सिंह, किरण महतो, सुषमा रावत, पल्लवी दुबे, संध्या टोप्पो, मीना ध्रुव, स्नेहलता पाठक, लक्ष्मी नायर, हेमन्ती मिंज सहित मनोज तिवारी, नितेश पाण्डेय, मनीष मेहता, भावेश सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।
शासकीय कार्यालयों में कार्य प्रभावित
केन्द्र के समान महंगाई व गृह भाड़ा भत्ता की मांग को लेकर अधिकारी कर्मचारियों की हड़ताल से शासकीय दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा। हड़ताल के कारण अधिकांश कार्यालयों में ताला बंद दिखा। वहीं कुछ कार्यालय खुले रहे पर वहां गिनती के ही कर्मचारी अपनी ड्यूटी करते नजर आए। वहीं हड़ताल के पहले दिन संगठन में गुटबाजी नजर आई। अधिकांश अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर रहे वहीं कुछ कर्मचारी अपने ड्यूटी करते नजर आए। हालांकि संगठन द्वारा विभिन्न कार्यालयों में जाकर हड़ताल का समर्थन की मांग की वहीं संगठन द्वारा किसी भी कर्मचारियों के साथ हड़ताल में शामिल होने के लिए जोरजबरदस्ती नहीं की गई।
बच्चों का पठन-पाठन बाधित
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन अनिश्तिकालीन हड़ताल का समर्थन सहायक शिक्षक फेडरेशन ने भी किया है। इस कारण प्राइमरी स्कूल के बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित रहा। प्राइमरी स्कूल के बच्चे स्कूल तो पहुंचे पर कक्षा संचालित नहीं होने के कारण सभी अपने-अपने घर वापस लौट गए। जबकि शालय शिक्षक संघ, टिचर्स एसोसिएशन, नवीन शिक्षक संघ हड़ताल का समर्थन नहीं किया है। इस कारण मिडिल, हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित रहे।


Share

Check Also

कबीरधाम@ आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दम्पत्ति की मौत

Share कबीरधाम,20 मई 2025 (ए)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में प्री मानसून के पहले हो …

Leave a Reply