अंबिकापुर 21 जनवरी 2022 (घटती-घटना)। स्वच्छता दीदियों के भरोसे अंबिकापुर नगर निगम का पिछले कई वर्षों से देश ही नहीं विदेशों में भी डंका बज रहा है। प्रत्येक वर्ष स्वच्छ शहर के नाम से पहचाने जाने वाले अंबिकापुर किसी और नहीं बल्कि स्वच्छता दीदियों की ही देन है। इनकी मेहनत के भरोसे ही अंबिकापुर नगर निगम हर वर्ष सफाई के क्षेत्र में अव्वल आ रहा है। वहीं स्वच्छता दीदियों कि इस काबिले तारीफ के प्रति नगर के लोग उदासीन हैं। नगर वासियों द्वारा दिए जाने वाले यूजर्स चार्ज के भरोसे ही इन स्वच्छता दीदियों का घर परिवार चलता है। जबकि शहरवासी यूजर चार्ज देने के प्रति रूचि नहीं दिखा रहे हैं। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत लगभग 26 लाख से ज्यादा यूजर चार्ज बाकी है। लोग यूजर्स चार्ज देने में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। यूजर चार्ज वसूलने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा टीम का गठन भी किया गया है। लेकिन टीम को यूजर चार्ज वसूलने में पसीने छूट रहे हैं। वही यूजर चार्ज न देने वाले लोग सड़क पर कचरा फेंक कर शहर की सुंदरता और स्वच्छता पर कालिख पोतने का काम भी कर रहे हैं।
470 स्वच्छता दीदियों के भरोसे कचरा कलेक्शन
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के 48 वार्डों से कचरा कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। इसमें 18 एसएलआरएम सेंटर हंै। कचरा कलेक्शन कार्य के लिए 470 स्वच्छता दीदियां दिन रात मेहनत कर रहीं हैं। इसके बावजूद भी शहर के लोग यूजर्स चार्ज देने में उदासीनता बरत रहे हैं। यूजर चार्ज के भरोसे ही 470 स्वच्छता दीदियों का मानदेय का भुगतान किया जाता है। अगर शहर के लोग समय पर यूजर चार्ज न दें तो शहर को स्वच्छ रखने वाली स्वच्छता दीदियों का भुगतान कैसे हो पाएगा।
50 रुपए से 5 हजार तक का है यूजर्स चार्ज
शहर के हर गली मोहल्लों से स्वच्छता दीदियों द्वारा प्रतिदिन कचरे का कलेक्शन किया जाता है। चाहे ठंडी हो या तेज बारिश इन परेशानियों के बीच में स्वच्छता दीदियां घर घर जाकर कचरा कलेक्शन करतीं हैं। इसके एवज में यूजर के रूप में घरों से 50 रुपए व कमर्शियल चार्ज अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। इसमें 50 से लेकर 5000 तक का यूजर चार्ज वसूला जाता है।
किराए में रहने वाले लोग नहीं दे रहे यूजर
जानकारी के मुताबिक मकान मालिक अपने मकानों को किराए पर लगाए हुए हैं। किराएदार कुछ दिन मकानों में रहने के बाद खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट हो जाते हैं। इस स्थिति में यूजर चार्ज काफी पेंडिंग रह जा रहा है। वही निगम प्रशासन ने अब मकान मालिकों से यूजर चार्ज वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
1 लाख रुपए से अधिक वसूला गया यूजर्स चार्ज
26 लाख रुपए से ज्यादा यूजर्स चार्ज पेंडिंग होने की जानकारी पर नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और स्वच्छता दीदियों की मदद से टीम गठित कर वसूली का अभियान चलाया गया है। इस अभियान में अब तक एक लाख रुपए से ज्यादा यूजर चार्ज वसूला जा चुका है। वहीं सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया है। यह अभियान अभी लगातार जारी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur