अंबिकापुर@अंबिकापुर से विधायक बने राजेश अग्रवाल बनेंगे मंत्री

Share

अंबिकापुर,19 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा के राजेश अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को बेहद करीबी मुकाबले में 94 वोटों से हराकर सबको चौंका दिया था। तीन बार के सीटिंग विधायक सिंहदेव को अंबिकापुर सीट पर अजेय माना जाता था,लेकिन भाजपा ने पहली बार राजेश अग्रवाल पर दांव खेला और उन्होंने इसे जीत में बदल दिया। राजेश अग्रवाल की यह जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं बल्कि उनके जमीनी जुड़ाव और स्थानीय जनसमर्थन का प्रमाण है। जिस क्षेत्र में सिंहदेव की मजबूत पकड़ मानी जाती थी, वहां भी अग्रवाल ने उल्लेखनीय बढ़त हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की। यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इस जीत के इनामस्वरूप उन्हें छत्तीसगढ़ के मंत्रीमंडल में जगह दी जा रही है। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही थी,और अब यह लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 20 अगस्त को तीन नए चेहरे मंत्रीमंडल में शामिल होंगे। सरगुजा जिले से लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज का नाम भी मंत्री पद की दौड़ में था,लेकिन राजेश अग्रवाल ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए बाजी मार ली है। राजेश अग्रवाल का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। उनका जन्म 1 जून 1967 को लखनपुर में हुआ। वे शुरुआत में कांग्रेस से जुड़े थे और वर्ष 2014 में कांग्रेस की टिकट पर लखनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष बने। 2017 में नगर पंचायत अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद उनका प्रभाव लगातार बढ़ता गया और 2019 तक वे अध्यक्ष पद पर बने रहे। उनका राजनीतिक करियर वर्ष 2002 से 2005 के बीच ग्राम पंचायत कुंवरपुर में उपसरपंच पद से शुरू हुआ था। वे हमेशा से लोगों से सीधे जुड़े रहे,यही वजह रही कि भाजपा में भी उनकी पकड़ मजबूत होती गई। पारिवारिक जीवन की बात करें तो उनकी पत्नी सुनीता अग्रवाल हैं और उन्हें एक पुत्र व एक पुत्री हैं। राजेश अग्रवाल की यह राजनीतिक यात्रा उन नेताओं के लिए प्रेरणा है जो जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए शीर्ष पदों तक पहुंचना चाहते हैं। अंबिकापुर की जनता ने उन्हें एक ऐसा अवसर दिया है, जिसे उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और रणनीति से भुनाया। अब मंत्री पद की शपथ के साथ वे एक नई जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं।


Share

Check Also

अंबिकापुर@गणपति स्थापना समिति:जागृति नव युवक मंडल ने जीता प्रथम पुरस्कार

Share अंबिकापुर,14 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति,अंबिकापुर द्वारा प्रतिवर्ष की तरह …

Leave a Reply