हाई-प्रोफाइल कथित योगगुरु गिरफ्तार
डोंगरगढ़,25 जून 2025 (ए)। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां योग,अध्यात्म और ध्यान की आड़ में गांजा तस्करी की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। पुलिस ने प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पास एक फार्महाउस में छापेमारी कर खुद को योगगुरु बताने वाले कांती अग्रवाल (45 वर्ष) को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया है जिसकी कीमत लगभग ₹20,000 आंकी गई है।
योग के नाम पर गुमराह, नशे का धंधा
पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि डोंगरगढ़ के प्रज्ञागिरी क्षेत्र में बने एक फार्महाउस में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। फार्महाउस को योगाश्रम के रूप में प्रचारित किया गया था, जहां स्थानीय युवाओं और आने वाले पर्यटकों को योग के बहाने गांजा और नशे का सामान उपलब्ध कराया जा रहा था। पुलिस ने जब यहां दबिश दी,तो फार्महाउस में चल रही गांजा बिक्री की पुष्टि हुई। मौके पर ही कांती अग्रवाल नामक व्यक्ति को गांजा सौंपते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
कौन है कांती अग्रवाल?
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डोंगरगढ़ का स्थायी निवासी है, लेकिन पिछले 10 वर्षों से गोवा में एक योगाश्रम संचालित कर रहा था। वह विदेशी नागरिकों को योग और ध्यान की शिक्षा देता था और दावा करता है कि उसने 100 से अधिक देशों की यात्रा की है। वह स्वयं को 10 से अधिक एनजीओ का डायरेक्टर भी बताता है।
