अंबिकापुर,02 मई 2025 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर की एक मजदूर महिला की लाश अर्द्धनग्न अवस्था में ताला बंद घर के अंदर पलंग पर पड़ी मिली। वार्ड के पार्षद द्वारा दी गई सूचना पर मौके पर पुलिस और फारेंसिक विभाग की टीम पहुंचकर घटनास्थल का जांच की। महिला लिवइन में एक व्यक्ति के साथ रहती थी। गुरुवार को उक्त व्यक्ति द्वारा महिला के साथ मारपीट किए जाने की बात पड़ोसियों द्वारा बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सालो खलखो उम्र 40 वर्ष गोधनपुर स्थित एसएलआरएम सेंटर के पीछे रहती थी। वह लिव इन में एक व्यक्ति के साथ पिछले 4-5 माह से रह रही थी, उसके दो बच्चे हैं। मृतिका का लडका बाहर कहीं काम करने गया है। लडकी एक परिवार के साथ रहती है। गुरूवार को सालो खलखो का लिव इन में साथ रहने वाले पति के साथ करीब 3 बजे से 3.30 बजे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट की स्थिति निर्मित हुई थी। पड़ोसियों ने उक्त घटना को देखा था। शाम को लगभग 6.30 बजे कमलेश ने पास में ही रहने वाली मीना राजवाड़े को बताया कि सालो का काम तमाम हो गया है, वह उसको फांसी से काटकर उतारा है। जब वह सालो के यहां गई, तो उसका पति बाहर ही बैठा था। अंदर गई तो पलंग में सालो खलखो अर्द्धनग्न हाल में अचेत पड़ी थी। यह देखकर वह अपने घर चली गई और डर से किसी को कुछ नहीं बताई। शुक्रवार की सुबह महिला द्वारा संदेहास्पद स्थिति में फांसी लगा लेने की जानकारी गोधनपुर वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद डॉ. शिवमंगल सिंह को मोबाइल फोन पर मिली। उन्होंने घटना की जानकारी गांधीनगर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। मृतिका का शव घर की परछी के अंदर दूसरे कमरे में बिस्तर पर पड़ा था। गले में फांसी लगाए हुए दुपट्टा का काटा हुआ भाग था और दुपट्टा ऊपर लोहे के पाइप में ही लटका हुआ था। मृतिका के साथ लिव इन में रहने वाला जशपुर जिला निवासी बताया जा रहा है। पुलिस मामले में अग्रिम पड़ताल कर रही है।
