सुकमा जिले के सिलगेर में की शिक्षादूत की हत्या
जगदलपुर, 28 अगस्त (ए)। नक्सलियों ने बस्तर संभाग में फिर एक शिक्षादूत की निर्मम हत्या कर दी है। ताजा मामला संभाग के सुकमा जिले का है, जहां शिक्षादूत लक्ष्मण बारसे को मौत के घाट उतार दिया गया है। सुकमा के जगरगुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलगेर में 27 अगस्त की रात्रि लगभग 7.30 बजे मंडीमरका स्कूल में कार्यरत 30 वर्षीय शिक्षादूत लक्ष्मण बारसे पिता सोमलू की हत्या कर दी गई। लक्ष्मण बारसे बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पेगड़ापल्ली गांव के निवासी थे और सिलगेर में रहकर शिक्षा दूत के रूप में ग्रामीण बच्चों के बीच ज्ञान का उजियारा बिखेर रहे थे। नक्सलियों ने धारदार हथियार से शिक्षा दूत लक्ष्मण बारसे की हत्या कर दी और बीच बचाव दौरान परिजनों के साथ भी मारपीट की। जगरगुंडा थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बस्तर संभाग के बीजापुर और सुकमा जिले में नक्सली अब तक लगभग आधा दर्जन शिक्षा दूतों के साथ ही कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी हत्या कर चुके हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur