13,500 कैदी फरार,पुलिस से झड़प में 5 नाबालिग कैदी मारे गए
काठमांडू,10 सितम्बर 2025 (ए)। नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ छिड़े हिंसक प्रदर्शन का फायदा उठाकर 13,500 से ज्यादा कैदी भाग निकले। जबकि हिरासत में लिए गए 560 आरोपी भी फरार हो गए। इसके अलावा पश्चिमी नेपाल की एक जेल में सुरक्षाकर्मियों और कैदियों के बीच झड़प हो गई। इसमें पुलिस की गोलीबारी से पांच नाबालिग कैदियों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि एक सुधार गृह में कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों के हथियार छीनने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। इस प्रदर्शन में अबतक 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 30 मारे जा चुके हैं। वहीं, लोकल मीडिया में दावा किया गया है कि देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं। इन्हें त्रद्गठ्ठर्-ं का समर्थन मिला है।
एअर इंडिया ने नेपाल में फंसे यात्रियों के लिए स्पेशल फ्लाइट शुरू कीं : एअर इंडिया ने नेपाल में हाल की घटनाओं के कारण फंसे यात्रियों की मदद के लिए आज और कल दिल्ली से काठमांडू और वापस विशेष उड़ानें चलाई हैं।
कंपनी ने बताया कि उनकी रेगुलर उड़ानें कल से फिर शुरू होंगी। एअर इंडिया ने सरकार और अन्य एजेंसियों को शुक्रिया कहा, जिन्होंने यात्रियों के मदद के लिए तेजी से काम किया। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने नेपाल में चल रही हिंसा के बारे में भारत के विदेश सचिव से बात की है। विदेश सचिव ने नेपाल में फंसे लगभग 1,000 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी का भरोसा दिया है।
नेपाल में फंसे गुजरात से 300 लोग : नेपाल में चल रहे राजनीतिक संकट और हिंसक प्रदर्शनों के बीच गुजरात के 300 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। इनमें भावनगर के 43 और अहमदाबाद के 9 लोग शामिल हैं। सभी गुजरातियों को होटल, वृद्धाश्रम और अन्य जगहों पर सुरक्षा के साथ रखा गया है।
कैदियों ने नेपाल की
धाडिंग जेल से भागने की कोशिश की
नेपाल के धाडिंग जेल में कैदियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान नेपाली सेना को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें दो कैदियों की मौत हो गई। मारे गए कैदियों की पहचान 75 वर्षीय जीत बहादुर घाले (बलात्कार मामले में सजायाफ्ता) और 36 वर्षीय इंद्र बहादुर दला (नशीली दवाओं से जुड़े अपराध में कैद) के रूप में हुई है। भागने की कोशिश में सात कैदी घायल हुए हैं। कैदियों ने सुबह 9 बजे से ही विद्रोह शुरू कर दिया था, लेकिन हालात दोपहर करीब 1ः18 बजे पूरी तरह बिगड़ गए। इस झड़प में छह सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए।
सिंधुली जेल से सभी कैदी फरार
नेपाल के सिंधुली जेल से सभी 471 कैदी फरार हो गए हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक, बुधवार सुबह कैदियों ने जेल के अंदर आग लगा दी और मेन गेट तोड़कर बाहर निकल गए। जेल में 428 पुरुष और 43 महिलाएं कैद थीं। पुलिस अधीक्षक लालध्वज सुबेदी ने बताया कि कैदियों ने सामूहिक रूप से जेल तोड़ने की योजना बनाई थी और भारी हंगामे के बीच वे सभी भागने में सफल रहे। नेपाल में नई सरकार के नेतृत्व को लेकर मतभेद गहराते जा रहे हैं। सेना ने गुरुवार सुबह प्रदर्शनकारियों अपील की कि वे आपसी सहमति से आगे बढ़ें। सेना अधिकारियों ने सेना मुख्यालय के बाहर लाउडस्पीकर से घोषणा करते हुए कहा कि हर समूह अपने-अपने संभावित नेताओं के नाम और संपर्क नंबर सुबह तक उपलब्ध कराए।
ताकि बातचीत आगे बढ़ सके।
दरअसल, बुधवार को प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन बाहर एकत्र भीड़ ने इसका विरोध किया और उनके खिलाफ नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू के मेयर बालेन शाह और अन्य युवा चेहरों का नाम आगे बढ़ाया।
केपी ओली बोले-नेपाल हिंसा एक गहरी साजिश
पद छोडने के बाद पहली बार पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली ने बयान दिया है। उन्होंने युवाओं के नाम खुली चिट्ठी लिखकर प्रदर्शन को गहरी साजिश बताया है। उन्होंने कार्यालयों में आगजनी और जेल से कैदियों को छुड़ाने जैसी घटनाओं को पहले से तय बताया।