कई लापता,चश्मदीद बोले-बड़े-बड़े पत्थर अचानक गिरने लगे और सब तबाह हो गया
जम्मू,27 अगस्त 2025(ए)। वैष्णो देवी मंदिर के ट्रैक पर लैंडस्लाइड में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर बुधवार को 34 हो गया। हादसा मंगलवार दोपहर 3 बजे पुराने ट्रैक पर अर्धकुमारी मंदिर से कुछ दूर इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ था। कल देर रात तक सात लोगों के मरने की खबर थी,लेकिन सुबह आंकड़ा बढ़ गया। वहीं,करीब 28 लोग जख्मी हैं और कई लापता हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। कल दोपहर बादल फटने के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई थी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार को घायलों से मिलने कटरा पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है। कई मृतकों की पहचान हो गई है और शव उनके घर भेजने की व्यवस्था हो रही है। श्राइन बोर्ड मृतकों के परिजन को 5 लाख रुपए और डिजास्टर मैनेजमेंट 4 लाख रुपए देगा। जम्मू शहर में मंगलवार को 24 घंटे से भी कम समय में 250 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। इससे कई जगह बाढ़ जैसे हालात हैं। घरों और खेतों में पानी भर गया है। वैष्णो देवी लैंडस्लाइड के चश्मदीद ने बताया-बड़े-बड़े पत्थर अचानक गिरने लगे और सब तबाह हो गया। नॉर्दर्न रेलवे ने भी आज जम्मू-कटरा से चलने वाली और यहां रुकने वाली 22 ट्रेनें रद्द की हैं। इसके अलावा 27 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। हालांकि कटरा-श्रीनगर के बीच ट्रेन सर्विस जारी है।
लोगों की आपबीती : परिवार
साथ था,पल में सब कुछ बिखर गया…
द्द एक श्रद्धालु ने बताया,मैं और मेरा पूरा परिवार साथ जा रहे थे। मेरे बच्चे और पत्नी आगे निकल गए। फिर बहुत जोर से चट्टान गिरी। हमें कुछ समझ नहीं आया। अब मेरा बच्चों का कुछ पता नहीं चल रहा है। हम डरे हुए हैं। पल भर में हमारा सब कुछ बिखर गया।
द्द एक और व्यक्ति ने बताया, मैं पीछे था। मेरे साथ आए 6 लोग मेरे आगे थे। आगे करीब 100 से ज्यादा लोग और भी थे। मैं अभी भी कांप रहा हूं। मेरे साथ आए लोगों का अभी तक कुछ पता नहीं चला।
द्द एक और महिला ने बताया, हम माता रानी के दरबार में जा रहे थे। हमें कुछ समझ नहीं आया। मैं और मेरे पति तो बच गए पर मेरे तीनों बच्चे दब गए। सब कुछ तुरंत हो गया।
द्द पंजाब के मोहाली की रहने वाली किरण ने बताया, मैं दर्शन करके पहाड़ से नीचे आ रही थी, तभी अचानक लोग चिल्लाने लगे। मैंने पत्थर गिरते हुए देखे। मैं किसी तरह सुरक्षित जगह की ओर भागी, लेकिन घायल हो गई। किरण के साथी एक और महिला ने बताया, हम पांच लोग एक ग्रुप में थे, जिनमें से 3 घायल हैं।
जम्मू में भारी बारिश से हालात खराब,3500 लोगों का रेस्क्यू
जम्मू में 11ः30 से 5ः30 बजे तक 6 घंटे में 22 सेमी बारिश हुई, जो अब तक की सबसे ज्यादा थी। आधी रात के बाद बारिश हुई। झेलम नदी का जलस्तर 22 फीट पार करने पर दक्षिण कश्मीर में बाढ़ अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू शहर, आरएस पुरा, सांबा, अखनूर, नगरोटा, कठुआ, उधमपुर समेत कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हैं। रियासी, रामबन, डोडा, कटरा, बनिहाल और आसपास हल्की बारिश जारी है। राहत बचाव में जुटी एजेंसियों ने अभी तक सिर्फ जम्मू जिले में 3500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। पूरे जिले में बचाव शिविर और रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। ज्यादातर बचाए गए लोगों को जम्मू के यूथ हॉस्टल में रखा गया है। सेना पूरे इलाके को तीन हिस्सों में बांट कर लोगों को बचा रही है। एक टीम अर्धकुमारी,एक टीम कटरा-ठक्कड़ कोट रोड और एक टीम जौरियन में काम कर रही है।