बॉर्डर-2 में दुश्मन पर कहर बनकर बरसेंगे एक्टर
बॉलीवुड में आर्मी और हमारे जांबाज सैनिकों की बहादुरी को कई बार पर्दे पर दिखाया गया है। इन फिल्मों में भारतीय सेना के जवानों की बहादुरी की कहानियां देखते ही लोगों का मन भी जोश और सेना के प्रति सम्मान से भर गया। साल 1997 में ही एक ऐसी फिल्म आई थी जिसने भारतीय सेना के शौर्य को लोगों तक पहुंचाया। इस फिल्म का नाम था बॉर्डर और इसके रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका हो गया था। फिल्म ने अच्छी कमाई की थी। अब इस फिल्म का अगला पार्ट यानी बॉर्डर-2 सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ कुछ नए कलाकारों को भी नए किरदारों को निभाने का मौका मिला है। बॉलीवुड स्टार वरुण धवन भी इस फिल्म में एक अहम किरदार निभाने वाले हैं। ये किरदार भारतीय सेना के शौर्य की कहानी बताएगा और इस किरदार से वरुण के करियर की चाल भी बदल सकती है। इस किरदार को निभाते हुए वरुण धवन दुश्मन पर आग की तरह बरसेंगे। ये किरदार है कर्नल होशियार सिंह दहिया का।
कौन थे कर्नल होशियार सिंह दहिया?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वरुण धवन अपनी अपकमिंग फिल्म बॉर्डर-2 में कर्नल होशियार सिंह दहिया का किरदार निभा रहे हैं। 5 मई 1936 को जन्मे होशियार सिंह दहिया भारतीय सेना के जांबाज कर्नल रहे हैं और उन्हें सेना के सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। 1971 में हुआ भारत-पाकिस्तान युद्ध में कर्नल होशियार सिंह दहिया ने अपनी बहादुरी की ऐसी मिसाल पेश की थी कि आज भी उनकी वीरता को याद किया जाता है। युद्ध के दौरान घायल होने के बाद भी दुश्मन पर काल बनकर टूटे थे और भारत की इस जीत में अहम किरदार निभाया था। इसके बाद उन्हें इस युद्ध में कमाल करने के लिए सम्मानित किया गया था। 6 दिसंबर 1998 को कर्नल होशियार सिंह दहिया ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। लेकिन उनकी वीरता आज भी भारतीय सेना के जवानों की रगों में कहानियां बनकर दौड़ रही है। अब बताया जा रहा है कि वरुण धवन ने कर्नल दहिया का किरदार बॉर्डर-2 में निभाया है।