अंबिकापुर,14 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा किटी समूह द्वारा स्वतंत्रता के पश्चात अंतरिक्ष में भारत एवं स्वतंत्र भारत की उपलब्धियां एवं अपेक्षाएं विषयों पर निबंध प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन अलंकार ग्रीन्स में किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार विजय गुप्त एवं प्राचार्य डॉ. आरएल मिश्रा मुख्य अतिथि रहे। जबकि डॉ. पुष्पा सोनी,संतोष पांडे,नीलिमा गोयल और कुंजबाला जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छों से किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका वंदना दत्ता ने सेवा समूह की 2019 से चल रही विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी तथा बताया कि यह पहली बार है जब स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, ताकि विद्यार्थियों के विचारों को मंच मिल सके। विजय गुप्त ने कहा कि इस प्रकार का आयोजन महिलाओं द्वारा किया जाना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बच्चों को लेखन कला के बारे में मार्गदर्शन दिया और देशभक्ति भावना को प्रोत्साहित किया। डॉ. आरएल मिश्रा ने समूह की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित होती है और इन्हें लगातार जारी रखा जाना चाहिए। डॉ. पुष्पा सोनी ने बच्चों को हिंदी भाषा के प्रति जागरूक रहने और नियमित समाचार पत्र पढऩे की सलाह दी। इस आयोजन में होली क्रॉस,कन्या शाला,विक्टोरिया पब्लिक,ओरिएंटल,साईंबाबा बोर्डिंग, आत्मानंद इंग्लिश स्कूल,पीजी कॉलेज, संत हरकेवल दास महाविद्यालय, आदि संस्थानों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन की प्रभारी दीपमाला सिंह और सुनीता दास रहीं। कार्यक्रम का संचालन सुनीता दास ने किया। तीज उत्सव की ऑनलाइन प्रतियोगिता में रश्मि गुप्ता को प्रथम, सत्या दुबे को द्वितीय और स्मिता तिवारी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में बोनी डे, वर्षा गुहा,मधु चौधरी, श्रद्धा खेरपांडे,आंचल पांडे,पूनम जायसवाल,मिलन शर्मा और अनिता शुक्ला का सराहनीय योगदान रहा। आभार प्रदर्शन मधु चौधरी ने किया।
