ब्लीचिंग पाउडर गुणवत्ताविहीन,खरीदी की हो जांच,दोषियों पर की जाए कार्यवाही:प्रदीप तिवारी पार्षद
बैकुंठपुर,03 सितंबर 2025 (घटती-घटना)। कोरिया जिले के शिवपुर चरचा में एक पार्षद ने अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और आरोप लगाते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार की जांच करते हुए दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है,पार्षद प्रदीप तिवारी ने आरोप सोशल मीडिया पर एक बयान की तरह पोस्ट किया है और उन्होंने कहा है कि शिवपुर चरचा नगर पालिका में अध्यक्ष ने ब्लीचिंग पाउडर खरीदी में भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है और ब्लीचिंग पाउडर ऐसा खरीदा है उन्होंने जिसमें महक भी नहीं है,उन्होंने इसकी तुलना एसईसीएल के चुने से करते हुए इसे उपयोग करने के अयोग्य बताया है।
बता दें कि शिवपुर चरचा के जिस पार्षद ने यह आरोप लगाया है वह पूर्व अध्यक्ष जो कांग्रेस की थीं के अविश्वास प्रस्ताव में पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ जाकर मतदान कर चुके हैं और वह कांग्रेस की टिकट पर ही पार्षद थे,पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ जाकर मतदान कर नगर से कांग्रेस की सरकार को हटाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी और इन्होंने ही इस मामले में सरकार गिराने के मुख्य भूमिका निभाई थी,सरकार गिराने के बाद यह भाजपा में शामिल हुए थे और भाजपा द्वारा मनोनीत अध्यक्ष को तब इन्होंने स्वीकार भी किया था। पार्षद प्रदीप तिवारी का अब का विरोध भाजपा के मनोनीत अध्यक्ष के खिलाफ है और वह अध्यक्ष पर आरोप लगाकर आरोपों की जांच और कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। शिवपुर चरचा में चुनी हुई सरकार को गिराकर पुनः मनोनीत सरकार बनते ही ऐसा लगा था कि नगर सरकार निर्विवाद कार्य करेगी और नगर सरकार का कार्य जनता सहित उन्हें पसंद आयेगा जिन्होंने चुनी सरकार को गिराया था लेकिन यह भ्रम जल्दी टूट गया और वही लोग विरोध में नजर आने लगे जिन्होंने चुनी सरकार को हटाया था। पार्षद प्रदीप तिवारी का आरोप साबित करता है कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसे लेकर पानी सिर से ऊपर जाने लगा उन्हें खुद अपने निर्णय पर ही पछतावा होने लगा। नगर पालिका शिवपुर चरचा के वर्तमान अध्यक्ष एक तरह से मनोनीत हैं। भाजपा के लिए वैसे यह एक बुरी खबर है क्योंकि उनके अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप आज भाजपा में शामिल उनके ही पार्षद लगा रहे हैं,भाजपा अध्यक्ष जो मनोनीत हैं और यदि ऐसे आरोपों से वह घिर गए तो आसन्न चुनाव में जो जल्द होगा भाजपा को नुकसान होना तय है।
